नरायनपुर। वाराणसी-मिर्जापुर मार्ग पर नरायनपुर के समीप शुक्रवार की शाम ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। नलकूप विभाग में एक कार्य कर रहे थे तो दूसरे सेवानिवृत्त हो चुके थे। दोनों लोग मित्र थे। ट्रक चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
चंदौली जिले के धीना थाना अंतर्गत सबल जलालपुर निवासी सुभाष चन्द्र सिंह (56) वाराणसी के रामनगर में नलकूप विभाग में आपरेटर पद पर तैनात थे। राजकुमार (67) निवासी भीटी बाइपास रामनगर वाराणसी आपरेटर पद से सेवानिवृत्त हो चुके थे। दोनों बाइक से अहरौरा की ओर से घर जा रहे थे। विशेषरपुर गांव के सामने तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दोनों मित्र की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे नरायनपुर चौकी इन्चार्ज रविकांत मिश्रा ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। मौके पर मिले कागजात के आधार पर घर वालों को फोन कर हादसे की जानकारी दी। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चुनार स्थित मोर्चरी हाउस भेज दिया गया। राजकुमार को एक पुत्री है जिसकी शादी कर हो चुकी है। सुभाष चन्द्र सिंह को दो पुत्र व एक पुत्री हैं, तीनों बच्चों की शादी हो चुकी है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि राजकुमार का अहरौरा में खेत है जिसे देखने के लिए गए थे।