विंध्याचल। अष्टभुजा टोल प्लाजा पर रविवार की शाम एक ट्रक चालक की कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। मामले का वीडियो वायरल होने और ट्रक चालक की तहरीर पर पुलिस ने सोमवार को बोलेरो सवार दो लोगों और टोल प्लाजा के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया।
रविवार की शाम ट्रक चालक बोलेरो को ओवरटेक कर अष्टभुजा टोल प्लाजा पर पहुंचा। इसी बीच पीछे से आई बोलेरो पर सवार दो लोगों और टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने मिलकर ट्रक चालक की पिटाई कर दी। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस सक्रिय हो गई। जिगना थाना क्षेत्र के कोठरा मिश्रान निवासी लक्ष्मी शंकर यादव ने बताया कि दो मार्च को उसका बेटा संजय कुमार यादव मिर्जापुर से गैपुरा होते हुए सतना जा रहा था। गोपालपुर के पास ओवरटेक करने के विवाद में देवेंद्र सिंह, अमरजीत सिंह, विजय कुमार सिंह, शिवम सिंह और जिवबोधन निवासी अकोढ़ी ने टोल प्लाजा पर संजय की पिटाई कर दी। साथ ही ट्रक शीशा तोड़कर जान से मारने की धमकी दिया। तहरीर मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मारपीट में पांच आरोपी गिरफ्तार किए गए है।