यातायात माह में भी सड़क हादसों में कमी नहीं आ रही है। कटरा, अहरौरा और अदलहाट थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में महिला समेत तीन की मौत हो गई। वहीं, हादसे में तीन लोग घायल हो गए। इसमें एक की हालत गंभीर है। कटरा के मुकेरी बाजार में बुधवार की देर रात एक बाइक खड़े ट्रक में जा टकराई। हादसे में बाइक सवार मामा सत्य प्रकाश की मौत हो गई। भांजा मंजीत कुमार घायल हो गया। अहरौरा थाना क्षेत्र के बाराडीह कुदारन के पास दो बाइक की टक्कर में सिद्धांत गौतम की मौत हो गई। दूसरा बाइक सवार भाग गया। अदलहाट थाना क्षेत्र के बाराडीह मजार के पास टैंकर की चपेट में आने से बाइक सवार रेनू गुप्ता की मौत हो गई। उसके दो भाई घायल हो गए।
महुवरिया मोहल्ला निवासी सत्य प्रकाश (23) भांजे मंजीत कुमार (22) के साथ बाइक से दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए वाराणसी गया था। बुधवार की देर रात वाराणसी से लौटते समय कटरा के मुकेरी बाजार के पास बाइक सवार खड़े ट्रक में जा टकरा गए। हादसे में दोनों घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को मंडलीय अस्पताल लेकर आई। जहां डॉक्टरों ने सत्य प्रकाश को मृत घोषित कर दिया। मृतक तीन भाइयों में छोटा था। बड़े भाई प्रभाकर इस समय लखनऊ में डॉक्टर है। कटरा कोतवाल वैद्यनाथ सिंह ने बताया कि ट्रक में टकराने से बाइक सवार की मौत हो गई।
विज्ञापन
अहरौरा : गाजीपुर के सादियाबाद क्षेत्र के बरईपारा गांव निवासी सिद्धांत गौतम (26) परिवार के साथ अहरौरा में रहते थे। पिता उदईराम अहरौरा सीएचसी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। इस समय चंदौली के बरैनी पीएचसी में तैनात हैं। सिद्धांत गौतम एक निजी फाइनेंस कंपनी में काम करता था। प्रतिदिन वह रात को वह काम से घर लौटता था। बुधवार की देर रात वह बाइक से घर लौट रहा था। अहरौरा के बाराडीह कुदारन के पास सामने से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। हादसे में सिद्धांत घायल हो गए। उनको पीएचसी ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने सिद्धांत को मृत घोषित कर दिया। पिता उदईराम ने बताया कि जिस बाइक ने टक्कर मारा है। उसका नंबर प्लेट गलत है। अहरौरा थानाध्यक्ष सदानंद सिंह ने बताया कि बाइक की टक्कर से दूसरे बाइक सवार की मौत हो गई।
वहीं, चंदौली के अलीनगर के मन्नापुर पड़ाव निवासी रेनू गुप्ता (35) पांच साल से अदलहाट के समदपुर गांव स्थित अपने मायके में रह रहीं थीं। बृहस्पतिवार की सुबह नौ बजे मायके समदपुर से भाई विजेंदर गुप्ता (33) के साथ छोटे भाई छोटू (12) का इलाज कराने के लिए बीएचयू बाइक से जा रहीं थीं। विजेंदर बाइक चला रहा था। छोटा भाई छोटू बीच में और बहन रेनू गुप्ता पीछे बैठी थी। बाइक चालक बाराडीह मजार के पास पहुंचा ही था कि पीछे से तेज रफ्तार से जा रही टैंकर की चपेट में आ गया। इससे मौके पर ही रेनू गुप्ता की मौत हो गई। दोनों भाई घायल हो गए। दो घंटे बाद पुलिस ने टैंकर को पकड़कर थाने लाई। थानाध्यक्ष अजय सेठ ने बताया कि बाइक सवार टैंकर की टक्कर से रेनू गुप्ता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतका के पति अजय गुप्ता की तहरीर पर टैंकर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
कटरा के मुकेरी बाजार में ट्रक से टकराकर बाइक सवार वहीं पड़े रहे। समय से उनको मदद नहीं मिली। मृतक सत्य प्रकाश के भाई डॉ. प्रभाकर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि हादसे के बाद वहां कुछ लोग दिखाई दे रहे हैं। मदद करने के लिए कोई आगे नहीं आया। काफी देर बाद कुछ लोग आए। समय से मदद मिलती तो जान बचाई जा सकती थी।