हलिया। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के दुर्जनीपुर गांव में तीन दिन पहले अनियंत्रित पिकअप की टक्कर से बहू की मौत के तीन दिन बाद शनिवार को जख्मी सास की मौत हो गई।
दुर्जनीपुर गांव निवासी कलावती (62) पड़ोसी चंद्रकली के साथ 30 जुलाई की रात घर के सामने बैठकर बातें कर रही थी। कलावती की बहू मनोज कुमारी खाना खाने के लिए कलावती को बुलाने आई। ड्रमंडगंज से कोरांव की ओर गलत दिशा से दूध लादकर जा रहे पिकअप ने मनोज कुमारी को कुचलते हुए कलावती और चंद्रकली को टक्कर मार दिया। हादसे में मनोज की मौके पर मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल कलावती और पड़ोसी चंद्रकली को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां कलावती की हालत में सुधार नहीं होने पर मंडलीय अस्पताल के चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। शनिवार सुबह चिकित्सकों के जवाब देने पर परिजन कलावती को घर लेकर चले आए। जहां देर शाम पांच बजे के कलावती की मौत हो गई। बहू की मौत के बाद सास की भी मौत हो जाने से परिजनों पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है। थानाध्यक्ष ब्रह्मदीन पांडेय ने बताया कि तीन दिन पहले पिकअप वाहन की टक्कर से बहू की मौत के बाद शनिवार को घायल सास कलावती की भी मौत हो गई है।