राजगढ़। क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में बुधवार की रात चोरों ने चार जगह चोरी को अंजाम दिया। नदिहार गांव में सुरंग बनाकर अंग्रेजी शराब की दुकान से नगदी समेत लाखों रुपये की शराब ले गए। वहीं, खोराडीह और तालर गांव से तीन घरों में बंधी नौ बकरियां भी चोर ले गए।
क्षेत्र की नदीहार गांव में राजगढ़-घोरावल मार्ग के किनारे में अंग्रेजी शराब की दुकान है। रात में चोर मकान के पीछे से जमीन से सुरंग बनाकर अंग्रेजी शराब की दुकान का फर्श तोड़कर अंदर घुसे और नकदी समेत लाखों रुपये की शराब ले गए।
बृहस्पतिवार को सुबह सेल्समैन दुकान खोलकर अंदर गया तो कमरे की फर्श टूटी थी। उसने चोरी की जानकारी दुकान मालिक को दी। दुकान के मालिक प्रदीप सिंह ने बताया कि चोर 40 हजार रुपये नकद, सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर, दो लाख रुपये की शराब ले गए है। पुलिस ने मौका मुआयना किया लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला।
इसी तरह चोर खोराडीह गांव में श्यामा भारती के घर में बंधी दो बकरियां व तीन बकरे चाेर खोल ले गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
इसी गांव के रमेश सोनकर की एक बकरी और तालर गांव निवासी गोलू विश्वकर्मा की तीन बकरियां चोर ले गए। क्षेत्र में पिछले 10 दिनों लगातार चोरी की घटनाएं होने से लोग दहशत में हैं। थानाध्यक्ष महेेंद्र पटेल का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।