मिर्जापुर। नगर के पथरहिया स्थित विकास भवन परिसर में सोमवार को पांच दिवसीय मंडल स्तरीय विंध्य सरस मेला का शुभारंभ हुआ। इस मेला में मंडल के मिर्जापुर, सोनभद्र व भदोही जिले की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने स्टाल लगाए। पहले ही दिन 3. 46 लाख रुपये की खरीद हुई। मेला में बेकरी, शुद्ध सरसों के तेल व गरम मसालों के स्टाॅल पर अधिक भीड़ रही। हस्त निर्मित बिस्कुटों का लोगों ने आनंद लिया और खरीद भी की। श्रीअन्न के बने बिस्कुट, समूह की बनी चप्पल, साड़ी आदि के स्टाल पर खरीदारों की भीड़ रही। इस अवसर पर 50 स्टाल लगाए गए थे।
जिनका उद्घाटन प्रदेश के पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहनलाल श्रीमाली व छानबे विधायक रिंकी कोल, नगर पालिकाध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी व मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने किया। जनप्रतिनिधियों ने लगे हुए सभी स्टॉल का निरीक्षण किया तथा उनके द्वारा उत्पादित वस्तुएं व सामग्री की सराहना भी किया। मंडल के तीनों जिलों मिर्जापुर, सोनभद्र व भदोही के सभी विकास खंडों में गठित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित व उत्पादित उत्पादों की लगभग 3.46 लाख रुपये की बिक्री हुई। इसके अतिरिक्त उद्योग विभाग, खादी विभाग, उद्यान विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस आदि विभागों ने भी अपना स्टॉल लगाया था। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सीखड़ सतेन्द्र प्रताप सिंह, ब्लाॅक प्रमुख पहाड़ी इंद्र बहादुर पांडेय, ब्लॉक प्रमुख लालगंज जयंत कुमार सरोज, परियोजना निदेशक धर्मजीत सिंह आदि उपस्थित रहे।