जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रहे एक भाजपा नेता के भतीजे की मंगलवार की दोपहर 12 बजे बरौंधा पुलिस चौकी के सामने ट्रक से कुचल कर मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई बाल-बाल बच गया। इससे नाराज परिवार वालों ने लोगों के साथ भरूहना-पीलीकोठी मार्ग जाम कर मुआवजा देने की मांग की।
सूचना पर पहुंचे नगर मजिस्ट्रेट आनंद कुमार एवं सीओ नगर श्वेता श्रीवास्तव के आश्वासन पर लोग शांत हो गए।
भरूहना गांव निवासी शुभम सोनकर (18) अपने चचेरे भाई राधेश्याम सोनकर के साथ भाजपा के सिंबल से जिला पंचायत का चुनाव लड़ रहे अपने चाचा फुन्नू सोनकर का प्रचार करने जा रहा था।
बाइक सवार युवक जैसे ही कटरा कोतवाली क्षेत्र के बरौंधा पुलिस चौकी स्थित पार्क के सामने पहुंचे, पीछे से आ रहे ट्रक ने उनको चपेट में ले लिया। इससे बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। राधेश्याम दूर गिरने के कारण बाल-बाल बच गया, जबकि शुभम पहिए के नीचे आ गया। उसको ट्रक कुचलते हुए आगे बढ़ गया।
उसकी मौके पर ही मौत हो गई। खबर लगते ही शुभम के घर वाले पहुंचे, तब तक पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेज चुकी थी। घरवालों और लोगों ने पुलिस चौकी के सामने सड़क जाम कर दिया। कहा कि ट्रक चालक की लापरवाही के कारण युवक की मौत हुई है, इसलिए आर्थिक सहायता दी जाए। दो घंटे तक सड़क जाम होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना पर पहुंचे नगर मजिस्ट्रेट और सीओ नगर के आश्वासन पर लोगों ने जाम समाप्त कर दिया।