अहरौरा। सोनभद्र के कर्मा थाना क्षेत्र से नगर के खास डीह में रविवार को लड़की देखने आए वृद्ध की अबुझ हाल में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजन शव लेकर थाने पहुंच गए। बेटे ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रविवार को बाबूलाल मौर्य (60) निवासी वापी पगिया गांव थाना कर्मा सोनभद्र से बेटे की शादी के लिए लड़की देखने नगर क्षेत्र के खासडीह गांव में आए थे। बातचीत के बीच वाराणसी जाने के लिए कार्यक्रम बन गया। लड़की पक्ष के कुछ लोगों को साथ लेकर वे वाराणसी चले गए। वहां से लौटते समय जमुई के रास्ते ऑटो रिजर्व कर अकेले उनको घर भेज दिया गया। अहरौरा पहुंचने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। सूचना मिलते ही आसपास के रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और वाराणसी लेकर चले गए। जहां उनकी मौत हो गई। रिश्तेदारों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। जानकारी होते ही मौके पर पहुंचे बाबूलाल के पुत्र विजेंद्र मौर्य और नागेंद्र मौर्य को हादसा संदिग्ध लगा तो दोनों पुत्र शव लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर जांच की मांग की।