नगर के सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालों पर पुलिस प्रशासन का डंडा चला। पुलिस अधीक्षक अरविंद सेन खुद सड़क पर उतर कर अतिक्रमण करने वाले और दूकान के सामने वाहन खड़ा कराने वाले दूकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई शुरू कर दिया। इससे दूकानदारों में हड़कंप मच गया। एसपी ने चेतावनी दी कि दोबारा किसी ने सड़क किनारे अतिक्रमण किया तो कड़ी कार्रवाई होगी।
पुलिस अधीक्षक अरविंद सेन गुरुवार शाम नगर पालिका व पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम के साथ खुद अतिक्रमण हटवाने निकले। वासलीगंज पुलिस चौकी से अतिक्रमण हटवाना शुरू किया। सड़क किनारे नालियों पर कब्जा कर दूकान लगाने वाले और दूकान बनाने वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की। अवैध निर्माण को तोड़कर नगर पालिका के वाहन में लोड करवा कर पटरी को खाली कराया। वासलीगंज से डंकीनगंज चौराहे तक हटवाए गए अतिक्रमण से पूरे मोहल्ले में अफरातफरी रही।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने दूकान के बाहर दोबारा अतिक्रमण करने और वाहन खड़ा करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। कहा कि आए दिन जनसंख्या बढ़ रही है लेकिन सड़कें वहीं हैं। उस पर भी लोग अतिक्रमण करते चले जा रहे हैं तो फिर आने जाने का रास्ता कैसे बचेगा। इसलिए सभी लोग जनता की भलाई में और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने में सहयोग प्रदान करें। इस मौके पर एएसपी सिटी अशोक शुक्ला, सीओ नगर कुलभूषण ओझा व नगर पालिका के अधिशासी अभियंता संजय कुमार समेत कई लोग रहे।