चुनार। कोतवाली क्षेत्र के लोवर लाइन स्थित कांशीराम आवासीय कालोनी में मंगलवार की दोपहर पत्नी से विवाद के कारण बच्चों को खाने में जहर मिलाने के बाद खुद खाने के मामले में पुलिस जांच कर रही है। जहर से पिता सहित दो बच्चों की मौत के बाद मुहल्ले में भी लोगों में शोक है। बुधवार को सीओ चुनार रामानंद राय ने कालोनी में पहुंचकर राजेश के पड़ोसियों से पूछताछ की। पड़ोसियों ने बताया कि राजेश ने पहले बच्चों की पिटाई की, इसके बाद जहर खिला दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शवों का अंतिम संस्कार कराया गया।
कांशीराम आवास के ब्लाक नंबर छह निवासी राजेश कुमार (35) राजगीर था और अत्यधिक शराब का सेवन करता था। मंगलवार की दोपहर पत्नी गीता काम से बाहर गई थी। इस दौरान राजेश कुमार ने घर पर खाने में जहर मिला दिया। बच्चों को खाना दिया और स्वयं भी खाया। इससे उनकी हालात खराब हो गई। मंडलीय अस्पताल पहुंचने पर राजेश (35) और उसके पुत्र विजय (7), सुमन (5) को मृृत घोषित कर दिया गया। साधना (9) और धीरज (4) को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। बुधवार को ट्रामा सेंटर में उपचार के बाद दोनों बच्चों की हालत में सुधार आया है। बुधवार की दोपहर सीओ चुनार रामानंद और कोतवाल गोपालजी गुप्ता कांशीराम आवास पहुुंचे। उन्होंनेे पड़ोसियों से पूछताछ की। पड़ोसियों ने बताया कि शराब के नशे में राजेश पत्नी और बच्चों की हमेशा पिटाई करता था। मंगलवार को भी बच्चों की पिटाई के बाद जहर खिला दिया। घर से शोर मचने पर कालोनी के लोगों ने देखा तो सभी उल्टी कर रहे हैं। गरीब परिवार को मुआवजा दिलाने का कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है।