थाना क्षेत्र के गुरखुली नदी के पुल पर बुधवार की शाम मिर्जापुर से वाराणसी सवारी लेकर जा रही निजी बस ओवरटेक करते समय डिवाइडर से टकराकर पलट गई। बस में सवार 20 यात्री घायल हो गए। घटना में चार लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर भेजा गया। दो का इलाज चुनार स्थित एपेक्स हॉस्पिटल में हो रहा है। चालक के अनुसार बस में लगभग 30 लोग सवार थे।
निजी बस मिर्जापुर से सवारी लेकर वाराणसी जा रही थी। बस पड़री थाना क्षेत्र के गुरखुली नदी के पुल पर पहुंची तभी हाईवा से ओवरटेक करते समय बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। बस पर सवार यात्रियों में 20 लोग घायल हो गए। बस के पलटने पर यात्रियों के चीख पुकार पर स्थानीय लोग पुलिस को सूचना देने के साथ ही मौके पर पहुंचकर घायलों को बस से बाहर निकालने में जुटे। इस बीच पड़री थानाध्यक्ष वेंकटेश तिवारी भी मौके पर पहुंच गए और अपने वाहन से गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए चुनार स्थित एपेक्स हॉस्पिटल भेजवाया। जहां गंभीर हालत देख चार लोगों को ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। दर्जन भर घायल यात्री अगल-बगल के प्राइवेट अस्पतालों में इलाज कराकर घर चले गए। घायल लोगों में लालगंज थाना क्षेत्र के तेंदुहनी दुबार गांव निवासी 55 वर्षीय राजकुमार, 52 वर्षीय सीता देवी पत्नी राजकुमार, 26 वर्षीय कमलाशंकर पुत्र राजकुमार, चार वर्षीय मुकेश वर्ष पुत्र कमलाशंकर, 18 वर्षीय शिवम वर्ष पुत्र राजेश, 14 वर्षीय श्रेया पुत्री राजेश निवासी जलालपुर माफी थाना चुनार, 34 वर्षीय सत्यम, 48 वर्षीय सुरसत्ती, 38 वर्षीय दुखना देवी, 12 वर्षीय मयंक, 16 वर्षीय रीता, 26 वर्षीय नखड़ू, 45 वर्षीय श्यामधर व बस चालक मुमताज निवासी विहवा मु़गलसराय,खलासी श्यामबहादुर निवासी रामपुर कैलहट समेत 20 लोग घायल हो गए। शिवम कुमार का दाहिना पंजा कट गया है। परिजन बेहतर इलाज के लिए शिवम को प्रारंभिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर ले गये ।जिसमें कुछ लोग प्राइवेट अस्पतालों में इलाज करा रहे है।