विंध्याचल। सावन का महीना शुरू होते ही विंध्याचल के गंगा घाटों पर चोर सक्रिय हो गए है। शनिवार को सुबह गोरखपुर और बिहार के दो श्रद्धालुओं का सामान चोरी हो गया। पांच दिनों में घाटों पर चोरी की यह चौथी घटना होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शनिवार को भोर में गोरखपुर से आए परिवार के चार लोगों के साथ आए अधिवक्ता गंगा घाट पर पहुंचे। माता-पिता स्नान करने के बाद घाट पर बैठे थे। इसी बीच उनका सामान चोरी हो गया। बैग में कार की चाबी, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और पर्स मौजूद था।
इसी तरह सुबह आठ बजे बिहार के एक परिवार की आठ महिलाएं गंगा स्नान कर रही थीं। उसी समय उनका सारा सामान चोर ले गए।
पीड़िता अपराजिता तिवारी ने बताया कि मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, गाड़ी की चाबी, पर्स में रखे दो हजार रुपये चोरी हो गए।
पीड़ित परिवार ने थाने में तहरीर दी। सावन में भीड़ बढ़ने के कारण चोरी की घटनाएं बढ़ गई है। पांच दिन के भीतर चोरी की यह चौथी घटना हुई।
इसके पहले 11 जुलाई के आजमगढ़ के कप्तानगंज निवासी रमेश यादव अपने परिवार के साथ मां विंध्यवासिनी के दर्शन करने आए थे। दीवान पर स्नान करते समय उनका सामान और नकदी चोर ले गए थे।
इसी तरह लखनऊ से आए श्रद्धालु सुरेंद्र मिश्रा का दीवान घाट पर स्नान के दौरान सारा सामान चोरी हो गया था। विंध्याचल थानाध्यक्ष वैद्यनाथ सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। गंगा घाटों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।