पड़री। स्थानीय थाना क्षेत्र के भरपुरा-पहाड़ा संपर्क मार्ग पर बसारी गांव के पास शुक्रवार की शाम मैजिक से बचने के चक्कर में बाइक फिसलने से एक युवक गिर गया। इससे सड़क के किनारे खेत में निर्माणाधीन मकान का सरिया उसके गले में घुस गया। मंडलीय अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
भोजपुर पहाड़ी गांव निवासी विक्रम उर्फ विक्की पटेल (30) शुक्रवार की शाम को भरपूरा जा रहा था। बसारी गांव के पास सामने से आ रही मैजिक से बचने के चक्कर में उसकी बाइक फिसल गई और वह सड़क के किनारे खेत में गिर गया। खेत में बन रहे मकान का सरिया उसके गले में घुस गया।
ग्रामीणों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और विक्की को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पड़री ले गए, जहां से डॉक्टर ने उसे मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। रात में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। विक्की चार भाइयों में सबसे बड़ा था। वह ट्रक चालक था और एक साल पहले उसकी शादी हुई थी।
थानाध्यक्ष पड़री दयाशंकर ओझा ने बताया कि बाइक फिसलने से युवक खेत में गिर गया था, जहां निर्माणाधीन मकान का सरिया उसके गले में घुस गया और उसकी मौत हो गई।