अहरौरा। दवा लेने के लिए घर से साइकिल लेकर निकली किशोरी मंगलवार की दोपहर अहरौरा थाना क्षेत्र के पट्टीकला में सड़क किनारे आसरा आवास के पास बेहोश मिली। लोगों ने पीआरवी पर सूचना दी। जानकारी होते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने किशोरी को सीएचसी अहरौरा पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया।
आसरा आवास के पास मंगलवार की दोपहर अज्ञात किशोरी बेहोश पड़ी थी। लोगों ने किशोरी को अचेतावस्था में पड़ा देख पीआरवी को फोन पर सूचना दी। पुलिस ने किशोरी को पीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने इलाज के दौरान किशोरी को होश में लाने का काफी प्रयास किया। बेहोशी की हालत में ही बार बार पूछे जाने पर उसने अपना नाम बताया। जिस पर पुलिस ने तत्काल परिजनों को जानकारी दी। चौकी प्रभारी नगर संजय सिंह ने बताया कि पिता ने बताया कि पुत्री (17 वर्षीय) मंगलवार की सुबह 10 बजे दवा लेने के लिए साइकिल से बाइपास स्थित मेडिकल शॉप पर गई, पर दोपहर तक वापस नहीं लौटी। घर वाले उसके लौटने का इंतजार कर रहे थे के उसके बेहोश होने की सूचना मिली। दो दिन पूर्व भी वह दवा लेने आयी थी। पुलिस को घटनास्थल से बेहोश किशोरी शिवानी की साइकिल नहीं मिली है। इससे मामला संदिग्ध हो गया है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।