हलिया। क्षेत्र के बैधा मोड़ के पास शनिवार की सुबह बस में चढ़ने से पहले कार के धक्के से एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। जब तक लोग उसे अस्पताल ले जाते, तब तक उसकी मौत हो गई। इसके बाद चाकल कार छोड़कर भाग गया।
लालगंज थाना क्षेत्र के तिलांव गांव निवासी गंगेश्वर प्रसाद मिश्र का 14 वर्षीय पुत्र ईश्वर प्रसाद मिश्र चार दिन पूर्व अपने फूफा हीरा मनि के यहां थोथा गांव गया था। शनिवार की सुबह वह बुआ के घर से दादी राजकुमारी के साथ वापस लौट रहा था। दादी को बस पर बैठाने के बाद वह नीचे से झोला लेकर बस में बैठने जा रहा था। दसी दौरान देवरी की तरफ से तेज गति से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी। इससे घटना स्थल पर ही किशोर की मौत हो गई। घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तहरीर के आधार पर चालक हर्ष सोनी निवासी देवरी बाजार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोर दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके पिता छत्तीसगढ़ में रामलीला कर जीवन यापन करते हैं। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया की तहरीर के आधार पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।