मिर्जापुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की ओर से संचालित इंटरमीडिएट व हाईस्कूल बोर्ड परीक्षाओं को नकल विहीन व शुचितापूर्ण ढंग से कराने के लिए बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार व पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा केंद्रों के डबल लाक में रखे गए प्रश्नपत्रों के सील बंडलों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में सबसे पहले आर कन्या इंटर कालेज गए। डबल लॉक को खुलवाकर प्रश्नपत्र के बंडलों को चेक किया गया। इसके जिलाधिकारी ने माता प्रसाद माता भीख इंटर कालेज, स्व. मान्यवर कांशीराम राजकीय बालिका इंटर कालेज मुसफ्फरंगज तथा राजस्थान इंटर कालेज में पहुंचकर बंडल को खुलवाकर इंटरमीडिएट व हाईस्कूल के प्रश्नपत्र का विधिवत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूलों में प्रश्नपत्रों के बंडल सील व बंद मिले। निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने पुन: अपने सामने प्रश्नपत्र के बंडलों को डबल लाक की आलमारी में रखवाकर सील कराया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केन्द्र के कंट्रोल रूम में परीक्षा कक्षों में लगे सीसीटीवी कैमरा के फुटेज को भी देखा। कहा कि सभी कक्ष के सीसीटीवी कैमरा पूर्णतया संचालित रहें। उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर गडबड़ी मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।