फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mirzapur News: जन सहभागिता से मॉडल बाजार बनाने का सुझाव

विज्ञापन
विज्ञापन
लालगंज। ब्लॉक सभागार में शुक्रवार को बीडीओ की अध्यक्षता में व्यापारियों के साथ बैठक हुई। इसमें लालगंज, दूबार और लहंगपुर बाजार को मॉडल बाजार के रूप में विकसित करने की रणनीति पर चर्चा की गई। जन सहभागिता से बाजारों को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुविधायुक्त बनाने की योजना पर विचार-विमर्श किया गया।
विज्ञापन

बीडीओ शैलेंद्र सिंह ने बताया कि स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, सड़कों की मरम्मत, गलियों और दुकानों के समुचित ढांचे के साथ ही यात्री सुविधाओं के लिए मापदंड तय किए गए हैं। इनके आधार पर इन तीनों बाजारों का कायाकल्प किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मॉडल बाजार नागरिक सुविधा, यातायात व्यवस्था और जन सहयोग से समग्र विकास का प्रतीक होगा। एडीओ पंचायत अजय शंकर ने बताया कि डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने की व्यवस्था जल्द लागू की जाएगी। ग्राम प्रधान विजय गुप्ता ने कहा कि आमजन को भी जिम्मेदार बनाना होगा। व्यापारी मनोज केसरवानी ने कहा कि जब तक जन सहयोग नहीं मिलेगा, तब तक यह योजना साकार नहीं हो सकती। बीडीओ ने बताया कि सार्वजनिक शौचालयों की देखरेख के लिए केयर टेकर की नियुक्ति की जाएगी। साथ ही यात्रियों और दुकानदारों को शौचालय की सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। व्यापारी गणेश सोनी ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि शुल्क की व्यवस्था लागू होनी चाहिए, ताकि शौचालय की नियमित देखभाल हो सके। बैठक में मौजूद अवधेश श्रीवास्तव, प्रेमचंद जायसवाल, सुरेश केसरी, श्रीनाथ राघव, गौतम रामचंद्र केसरवानी, नसीम अंसारी, नितिन जायसवाल आदि ने मॉडल बाजार की अवधारणा को सफल बनाने के लिए पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें