मिर्जापुर। नगर के प्रवेश मार्गों पर अब एआई आधारित एएनपीआर कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे वाहनों के नंबर को ट्रेस कर लेंगे। इससे पुलिस चोरी होने वाले और अपराधियों के वाहनों की लोकेशन का पता आसानी से लगा लेगी। साथ ही अपराधियों को पकड़ने में भी पुलिस को मदद मिलेगी।
नगर के सुरक्षा के लिहाज से प्रमुख चौराहों, तिराहों समेत अन्य स्थानों पर निगरानी के लिए 300 से ज्यादा कैमरे लगाए गए हैं। पुलिस लाइन में बने कंट्रोल रूम से इन कैमरों के जरिये निगरानी की जाती है। अब नगर में प्रवेश मार्गों पर एआई आधारित एएनपीआर (आटोमैटिक नंबर प्लेट रिकॉगिनेशन) कैमरे लगाए गए हैं। इन मार्गों से गुजरने वाले वाहनों के नंबर को कैमरे रीड कर लेंगे। चोरी होने वाले वाहन का नंबर कंट्रोल रूम से एआई साफ्टवेयर पर डालने पर उसकी लोकेशन का पता लगाया जा सकेगा। इसी तरह अपराध में इस्तेमाल होने वाले और अपराधियों के वाहनों का नंबर भी एआई साफ्टवेयर रीड कर लेगा। इससे अपराधियों को पकड़ने में मदद मिलेगी। एएनपीआर कैमरे राबर्ट्सगंज तिराहा, दो मुहिया, नटवां, बथुआ में 16 कैमरे लगाए गए हैं।
नगर के कई प्रमुख स्थानों पर पीटीजेड (पैन टिल्ट और जूम) कैमरे भी लगाए जा रहे है। पीटीजेड कैमरे घूमते रहते हैं, जिससे चारों ओर नजर रखी जा सकता है। इसकी जूमिंग क्षमता भी ज्यादा है। नगर में चार पीटीजेड कैमरे लगाए गए हैं।
एआई आधारित एएनपीआर कैमरे नगर के प्रमुख मार्गों पर लगाए गए हैं। ये कैमरे वाहनों के नंबर प्लेट को रीड कर लेते है। एआई से वाहन की लोकेशन का पता चल जाएगा। इसके अलावा पीटीजेड कैमरे भी लगाए गए हैं। - नितेश सिंह, एएसपी सिटी