नवयुवक अधिवक्ता समिति का चुनाव बुधवार को मॉडल बाइलाज के तहत इल्डर्स कमेटी के पांच सदस्यीय टीम के देखरेख में हुआ। बार भवन में सुबह साढ़े दस बजे से मतदान शुरू हुआ जो दोपहर तीन बजे तक चलता रहा।
साढ़े तीन बजे से मतगणना शुरू हुई। चुनाव में अध्यक्ष, महामंत्री में आमने सामने की टक्कर व वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय संघर्ष रहा। अध्यक्ष पद पर राजेश कुमार मिश्र व सुभाष चन्द्र सिंह व महामंत्री पद पर अजय कुमार पांडेय व दिनेश चन्द्र सिंह के बीच टक्कर रही। अध्यक्ष पद पर सुभाष चन्द्र सिंह ने 185 मत प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंदी राजेश कुमार मिश्र को 53 मतों से पराजित कर जीत हासिल की। वहीं महामंत्री पद पर दिनेश चन्द्र सिंह ने 180 मत प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंदी अजय पांडेय को 44 मतों से पराजित किया। जबकि वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर गुरुदास ने 158 मत प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंदी पतिराम सिंह को 15 मतों से हराकर विजयी हुए। संजय यादव को 13 मत पडे़। चुनाव में कुल 329 पंजीकृत मतदाताओं में 317 मतदाताओं ने मतदान किया। जिसमें 15 टेंडर मतदान भी शामिल रहा। चुनाव इल्डर्स कमेटी के निगरानी में संपन्न हुआ। इल्डर्स कमेटी में सत्येन्द्र नाथ दिवेदी, रामनरायन सिंह, नंदकिशोर सिंह, श्याममुरारी सिंह, कल्लू सिंह शामिल रहे।