जिले में रविवार को कोविड संक्रमितों के मिलने का सिलसिला लगातार चौथे दिन रविवार को भी जारी रहा। रविवार को जमालपुर स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय की एक छात्रा संक्रमित मिली। जिसके बाद जिले में एक्टिव केस की संख्या 24 हो गई। संक्रमित छात्रा को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
जिले में पिछले चार दिनों से कोविड संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। बृहस्पतिवार को एक साथ 18 कोविड संक्रमित मिले थे। इसमें से 16 संक्रमित कोन ब्लॉक के कस्तूरबा गांधी विद्यालय के थे। शुक्रवार को कस्तूरबा गांधी विद्यालय की एक और छात्रा समेत तीन लोग संक्रमित मिले। शनिवार को भी कस्तूूरबा गांधी विद्यालय की एक 13 वर्षीय छात्रा समेत दो लोग संक्रमित पाए गए। रविवार को जमालपुर कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्रा कोविड संक्रमित पाई गई। नोडल डॉ. वीके भारती ने बताया कि 1609 लोगों की रिपोर्ट प्राप्त हुई। इसमें एक छात्रा की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। जिले में अब तक 12122 संक्रमित मिले हैं। इसमें 11971 स्वस्थ हुए हैं। इसमें 127 की मौत हुई है। इस समय 24 एक्टिव केस हैं।