मिर्जापुर। संचारी रोग नियंत्रण के लिए जिले में एक जुलाई से विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान सभी ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक स्थानों के साथ ही नाले और नालियों की सफाई कराकर दवाओं का छिड़काव कराया जाएगा।
जिले के सिटी, पहाड़ी, नरायनपुर, सीखड़, मझवां, जमालपुर, राजगढ़, पटेहरा कला, लालगंज, हलिया, छानबे और कोन विकास खंड के 809 ग्राम पंचायतों में एक से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष कुमार ने सभी सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) को पत्र भेजकर अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया है। जिले भर में लगभग दो हजार सफाईकर्मी हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी ने एडीओ पंचायतों को दस-दस सफाईकर्मियों की टीम गठित कर प्रत्येक ग्राम पंचायत में सामूहिक रूप से सफाई कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि अभियान में नोडल संबंधित ग्राम प्रधान होंगे। उनकी देखरेख में अभियान के दौरान ग्राम पंचायत में आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों पर उगी झाड़ियों की सफाई, नाले और नालियों की सफाई के अलावा पंचायत भवन, स्कूल, कॉलेज, स्वास्थ्य केंद्र के आसपास भी सफाई कराई जाएगी। उन्होंने अभियान में ढिलाई बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी।