बच्चों से मसाज कराने वाले पुलिसकर्मी को एसपी ने किया निलंबित
- फोटो : वीडियो ग्रैब
मिर्जापुर जिले के पुलिस चौकी इमिलियाचट्टी के अंदर नाबालिग बच्चों से मालिश कराने का वीडियो वायरल होने पर पुलिस अधीक्षक ने मुख्य आरक्षी को निलंबित करते हुए क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन को मामले की जांच का निर्देश दिया।
जिले में आए दिन किसी न किसी पुलिसकर्मी का वीडियो वायरल हो रहा है। जिससे पुलिस की छवि धूमिल हो रही है। सोमवार को अहरौरा थाना क्षेत्र के इमिलियाचट्टी पुलिस चौकी के अंदर का एक मुख्य आरक्षी का वीडियो वायरल हुआ। इसमें वह तीन नाबालिग बच्चों से अपना हाथ-पैर दबवाकर मालिश करा रहा है। बताया जा रहा है कि मुख्य आरक्षी अक्सर बच्चों को बुलाकर मसाज कराता है। मामले का वीडियो वायरल होने पर पुलिस अधीक्षक ने संज्ञान लेते हुए मुख्य आरक्षी भानु प्रताप को निलंबित कर दिया।
एएसपी ऑपरेशन ओपी सिंह ने बताया कि इमिलियाचट्टी चौकी पर नियुक्त मुख्य आरक्षी भानु प्रताप का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने तत्काल प्रभाव से मुख्य आरक्षी को निलंबित कर दिया। मामले की प्रारम्भिक जांच क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन द्वारा कराई जा रही है।