मिर्जापुर। नगर से विंध्याचल जाने वाले मार्ग पर चार महीने में एक किमी सीसी रोड का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। आधी सड़क पर निर्माण होने से ऊंची हो गई है जबकि आधी सड़क नीची है।
ऐसे में लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। पीडब्ल्यूडी इसके लिए जल निगम को दोष दे रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जब निर्माण कार्य शुरू होता है, तब जल निगम की ओर से सीवर लाइन के लिए खुदाई करा दी जाती है। इससे काम में समस्या आ रही है।
वाराणसी, जौनपुर, भदोही आदि जिलों से विंध्याचल आने वाले चार हजार से ज्यादा छोटे-बड़े वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। इमामबाड़ा से ओझला पुल तक डेढ़ करोड़ से साढ़े तीन किमी का निर्माण कार्य हो रहा है। इसमें ढाई किलोमीटर डामर रोड और एक किमी मार्ग सीसी रोड बनना है। मार्च में सीसी रोड का काम शुरू हुआ था।
बीच-बीच में सीसी रोड बना दी गई है। जिस लेन पर सड़क बन गई है, वह छह इंच ऊंची है, जबकि दूसरी ओर लेन पर काम नहीं होने के कारण वह नीची है। कई जगह गड्ढे भी हो गए है।
एक कोने पर बीच में पेड़ और बड़ा गड्ढा है। सीसी रोड पर जो वाहन चढ़ जाते हैं तो सामने से दूसरा वाहन आने पर आवागमन बाधित हो जाता है। इससे जाम लग जाता है। वहीं, दूसरी लेन पर बाइक तक का निकलना मुश्किल हो गया है। वहीं, आए दिन हादसे हो रहे हैं। बाइक और ई-रिक्शा पलटने से कई लोग लोग घायल हो चुके हैं।
पीडब्ल्यूडी के जेई प्रवीण चौहान ने बताया कि जल निगम की वजह से निर्माण कार्य में बाधा आ रही है। जब सड़क का काम शुरू होता है, तब जल निगम के लोग गड्ढा खोद देते है। उनको अपना काम पूरा करने के लिए समय दिया गया है। जल्द से जल्द सीसी रोड का काम पूरा कराया जाएगा।