हलिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के हथेड़ा गांव में शुक्रवार सुबह आठ बजे बिजली गिरने से पशुपालक की मौत हो गई। दो महीने पहले पत्नी और 13 दिन पहले बहू की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। दो महीने में तीन लोगों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
क्षेत्र के हथेड़ा गांव निवासी पशुपालक चिंतामणि पाल (65) अपने घर से दो सौ मीटर दूर हाते में बंधी भेड़ों को चराने के लिए निकले थे। इसी बीच गरज-चमक के साथ बारिश के दौरान बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से पशुपालक गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजन तत्काल उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया ले गए, जहां प्रभारी चिकित्साधिकारी अवधेश कुमार ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 13 दिन पहले पशुपालक की बहू की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार को उसका त्रयोदशाह था। दो महीने पहले उनकी पत्नी की मौत हो गई थी। पशुपालक के चार बेटे और एक बेटी। दो महीने में तीन लोगों की मौत होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। प्रभारी चिकित्साधिकारी अवधेश कुमार ने बताया कि बिजली की चपेट में आने से पशुपालक की मौत हो गई है। परिजनों ने मृतक का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया और शव लेकर घर चले गए। ग्राम प्रधान अनीता मिश्रा ने बताया कि बिजली गिरने से पशुपालक की मौत हुई है।