श्रीविंध्य पंडा समाज की शुक्रवार की दोपहर मां विंध्यवासिनी मंदिर परिसर में आम सभा हुई। इस दौरान शारदीय नवरात्र मेले की तैयारियों पर चर्चा हुई। नवरात्र के दौरान मां विंध्यवासिनी के चरण स्पर्श को प्रतिबंधित रखने का निर्णय लिया गया। कहा गया कि मेले में आने वाले भक्तों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। आमसभा की अध्यक्षता करते हुए श्रीविंध्य पंडा समाज के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी ने कहा कि नवरात्र मेले के दौरान नौ दिन मां विंध्यवासिनी का चरण स्पर्श प्रतिबंधित रहेगा।
अध्यक्ष ने कहा कि मंदिर परिसर में वीडियोग्राफी बंद रहेगी। मेले में देश के कोने-कोने से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न होने पाए, इसका ध्यान रखा जाएगा। श्रीविंध्य पंडा समाज के सदस्यों को अपनी वेशभूषा और पहचान पत्र के साथ रहना होगा। मेले के दौरान समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की दो-दो घंटे की ड्यूटी निर्धारित की गई है। आम सभा का संचालन करते हुए मंत्री भानू पाठक ने कहा कि प्रत्येक सदस्य का कर्तव्य है कि वह मेले को सकुशल संपन्न कराए।