अहरौरा। क्षेत्र के एकली गांव में सोमवार की दोपहर बिजली गिरने से सात भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई। यह देख पशुपालक के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही मौके पर कई लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना राजस्व कर्मी तथा लेखपाल को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे राजस्व कर्मियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
एकली गांव निवासी पशुपालक राजेंद्र पाल गांव के पास ही स्थित पहाड़ पर सोमवार की दोपहर भेड़ चरा रहा था। इस दौरान गड़गड़ाहट के साथ तेज बारिश होने लगी और बिजली भी चमकने लगी। इसी बीच बिजली गिरने से सात भेड़ें गंभीर रुप से झुलस गईं। पशुपालक ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष सिद्धनाथ सिंह, जिला पंचायत सदस्य सुषमा पटेल मौके पर पहुंचीं। मामले की जानकारी राजस्व कर्मियों व लेखपाल को दी गई। जिन्होंने पीड़ित पशुपालक को मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया है। जानकारी होते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने भेड़ों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।