जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी चेतन सिंह ने बताया है कि शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति समय-सारिणी जारी हुई है। यह अन्य पिछड़ा वर्ग (अल्पसंख्यक पिछड़ा वर्ग को छोड़कर) के विद्यार्थियों के लिए है। इसमें पूर्वदशम (कक्षा 9-10) और दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजना शामिल है।
शासन ने ऑनलाइन आवेदन से लेकर छात्रवृत्ति वितरण तक की कार्रवाई के लिए समय-सारिणी तय की है। मान्यता प्राप्त नवीन विद्यालयों को मास्टर डाटाबेस में 22 जुलाई, से 5 अगस्त तक शामिल होना होगा। उन्हें पासवर्ड प्राप्त कर डाटा अद्यतन करना होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक 23 जुलाई से 09 अगस्त तक सत्यापन करेंगे। इसमें विद्यालयों की मान्यता, स्वीकृत सीटों की संख्या और प्रोफाइल जांची जाएगी। छात्र-छात्राओं द्वारा नवीनीकरण आवेदन 11 अगस्त से 25 अगस्त तक किए जाएंगे। शिक्षण संस्थान इन आवेदनों को 11 अगस्त से 30 अगस्त तक अग्रसारित करेंगे।
नवीन छात्रवृत्ति आवेदन 11 अगस्त से 21 सितंबर तक ऑनलाइन भरे जा सकेंगे। संबंधित शिक्षण संस्थान इन नवीन आवेदन पत्रों को 13 अगस्त से 15 अक्तूबर तक अग्रसारित करेंगे।
चेतन सिंह ने जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों और पात्र छात्र-छात्राओं से अपील की है। वे निर्धारित समय-सारिणी का पालन करते हुए औपचारिकताएं पूरी करें। इससे पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजना का लाभ समय पर मिल सके।संवाद