नगर क्षेत्र के रूखड़ घाट वार्ड में शास्त्री ब्रिज से चौबे घाट के बीच जल निगम की ओर से कराए जा रहे वाटर सप्लाई लिंकेज निर्माण कार्य के चलते सड़क बदहाल हो गई है।
करीब एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी सड़क पर खोदे गए गड्ढों और कीचड़ की समस्या दूर नहीं हो सकी है। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी रोहित यादव, मनोज यादव और जटा शंकर ने बताया कि निर्माण कार्य के बाद सड़क को ठीक तरीके से दुरुस्त नहीं कराया गया। हल्की बारिश और पाइपलाइन कार्य के दौरान बह रहे पानी से पूरे मार्ग पर कीचड़ फैल गया है। लोगों का आरोप है कि कई बार संबंधित विभाग और नगर पालिका से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस संबंध में अधिशासी अभियंता गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई अरविंद कुमार ने बताया जहां भी लीकेज की समस्या है उसका सर्वे कराकर शीघ्र दुरुस्त कराया जाएगा। संवाद