राशन कार्ड बनाने की मांग को लेकर चुनार तहसील में ज्ञापन देने पहुंचे ग्रामीण ।
राशन कार्ड के अभाव में कोटेदार द्वारा अनाज एवं मिट्टी का तेल न दिए जाने से आक्रोशित कांशीराम आवास की महिलाएं राशन कार्ड बनाने की मांग को लेकर सोमवार को परिवार सहित तहसील स्थित आपूर्ति कार्यालय पहुंच गईं और जम कर हंगामा किया। उनका आरोप था नये राशन कार्ड बनाने के लिए उनका पुराना कार्ड ले लिया गया और महीनों बाद भी नया राशन कार्ड जारी न होने से उनको एक भी दाना अनाज एवं मिट्टी का तेल कोटेदार द्वारा नहीं दिया जा रहा है। घंटाें चले हंगामा के बाद क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक के समझाने बुझाने के बाद मामला शांत हो सका।
गौरतलब है कि नगर में बने कांशीराम आवास में सैकड़ों गरीब मजदूर तबके के लोग परिवार सहित रहते हैं। जिनके गुजर बसर का एक मात्र जरिया मजदूरी है। तहसील पहुंची बदामा देवी, प्रेमा देवी, रेखा देवी, सुभाष चंद अशोक कुमार, कृष्णा देवी, मीरा देवी, गायत्री देवी आदि ने बताया कि नया राशन कार्ड बनाने के लिए सरकारी कर्मचारी ने इन लोगों से इनके पुराने राशन कार्ड को ले लिया और जल्द ही नया राशन कार्ड देने का वादा कर चले गए। महिलाओं ने बताया कि कई महीने हो गए लेकिन उनको नया राशन कार्ड नहीं दिया गया। तीन दिन पहले भी कांशीराम आवास की दर्जनों महिलाओं ने तहसील पहुंच कर राशन कार्ड जारी करने की मांग के साथ हंगामा किया था। जिस पर तहसीलदार ने इन लोगों से दो दिन का समय मांगा था।