चुनार नगर पालिका परिषद के तत्वावधान में बुधवार को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग बंद करने को लेकर महाअभियान का शुभारंभ पालिका अध्यक्ष मंसूर अहमद व अधिशासी अधिकारी राजपति बैस ने किया। अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई।
जागरूकता अभियान के दौरान वक्ताओं ने लोगों से यह अनुरोध किया कि वे प्लास्टिक का बहिष्कार करें और अपने घर के सेप्टिक टैंकों की सफाई हर तीन वर्ष के अंतराल पर अवश्य कराएं। उधर, रैली में शामिल लोगों ने स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की शपथ दिलाई। साथ ही इसके लिए दूसरों को भी प्रेरित करने का आह्वान किया। लोगों से अपील की गई कि अपने अपने घरों के सेप्टिक टैंकों की सफाई प्रत्येक तीन वर्ष में अवश्य कराएं। अधिशासी अधिकारी ने लोगों से कहा कि नगर पालिका ने सेप्टिक टैंकों की सफाई का शुल्क कम करके मात्र पांच सौ रुपये तय कर दिया है। नगर के लोग इसका लाभ उठाएं। अभियान में नगर पालिका के कर्मचारियों के अलावा जलकल अभियंता सौरभ सिंह, शैलेश कुमार यादव , कृपा शंकर सिंह, मनीष मिश्रा आदि शामिल रहे।