मिर्जापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को सामान्य निर्वाचन के तहत विभिन्न विधानसभाओं के प्रेक्षकों ने उम्मीदवारों एवं उनके अभिकर्ताओं के साथ बैठक की। साथ ही निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं निर्भीक मतदान कराने के उद्देश्य से निर्वाचन आयोग की ओर से जारी आदर्श आचार संहिता के बारे में जानकारी दी। खासतौर से बताया कि जुलूस व जनसभा के लिए पूर्व में ही अनुमति लेनी होगी।
प्रेक्षक ने कहा कि निष्पक्ष व निर्भीक मतदान कराने में प्रत्याशियों का आचरण महत्वपूर्ण हैं। जनपद में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हो इसके लिए सभी लोग अपना सहयोग प्रदान करें। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने कहा कि विभिन्न पार्टियों के द्वारा जनसभाओं के लिए प्रत्येक विधानसभा के अंतर्गत 23 मैदान चिह्नित किए गए हैं। चिह्नित मैदानों में ही जनसभा के लिए अनुमति प्राप्त कर आयोजन कर सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बूथ के अंदर किसी अभिकर्ता के द्वारा मोबाइल फोन नहीं ले जाया जा सकाता। डीएम ने कहा कि मतदान व मतगणना के लिए जो भी पास निर्गत किये जाने हैं, उसके लिये समय से आवेदन कर दें। 397 मझवां विधानसभा की प्रेक्षक मोनिका मलिक ने सभी उम्मीदवारों एवं अभिकर्ताओं से निर्वाचन के लियेे तैयारियों के बारे में जानकारी ली। 399 मड़िहान विधानसभा के प्रेक्षक पी दयानन्द ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाय कि मॉक पोल के समय मतदान अभिकर्ता उपस्थित रहें।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने नियमों की विस्तृत जानकारी दी। कहा कि प्रस्तावित जनसभा के संबंध में लाउडस्पीकर या अन्य सुविधा के उपयोग के लिए पहले से अनुमति लेनी आवश्यक है। उन्होंने जुलूस के बारे में बताया कि जुलूस का आयोजन करना वाला दल या प्रत्याशी जुलूस शुरू करने के स्थान और समय अनुगमन लिए जाने वाले मार्गों और जुलूस समाप्त होने का स्थान और समय पहले से तय करेगा। बैठक में 395 छानबे (अजा) विधानसभा के प्रेक्षक अनुसुआ दत्ता बरूआ, 396 मिर्जापुर विधानसभा के प्रेक्षक एम वल्लालर, 397 मझवा विधानसभा के प्रेक्षक मोनिका मलिक, 399 मड़िहान विधानसभा के प्रेक्षक दयानन्द एवं पुलिस प्रेक्षक अभिषेक जोरवाल सहित जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिव प्रताप शुक्ल उपस्थित रहे।
मतदान केंद्रों का प्रेक्षक ने किया निरीक्षण
मिर्जापुर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 को सकुशल, शान्तिपूर्ण व पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए विधानसभा 396- मिर्जापुर नगर के प्रेक्षक एम वल्लालर ने शनिवार को मतदान केंद्र का निरीक्षण किया।
उन्होंने विंध्य सरस्वती शिशु मन्दिर के मतदेय स्थल संख्या- 217, 218 तथा विंध्य विद्यापीठ इण्टर कालेज के मतदेय स्थल 213, 214, 215 एवं 216 का भ्रमण कर निरीक्षण किया। इस अवसर पर उपस्थित स्कूल के सम्बन्धित अध्यापको से बूथ पर की जाने वाली तैयारियो के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के समय प्रेक्षक ने रैम्प, शौचालय, पेयजल तथा मतदेय स्थल तक पहुॅच मार्ग, मतदेय स्थल के अन्दर खिड़की दरवाजों आदि के बारे में निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक निर्देश दिये गये। इस अवसर पर लाइजिंग आफिसर जिला कृषि अधिकारी पवन कुमार प्रजापति उपस्थित रहें।