विंध्याचल। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के प्रमुख सचिव अनिल गर्ग ने बुधवार को कहा कि मिर्जापुर में इस वर्ष पिछले वर्षों की तुलना में तीन गुना से अधिक बारिश हुई है। इतनी अच्छी बारिश मां विंध्यवासिनी की कृपा है। उन्होंने अहरौरा डैम की स्थिति के लिए फैल रही अफवाहों पर भी विराम लगाते हुए कहा कि डैम पूरी तरह सुरक्षित है। इसमें किसी प्रकार का रिसाव नहीं हो रहा है।
प्रमुख सचिव ने बताया कि अहरौरा डैम इससे पहले कभी पूरी तरह नहीं भरा था, लेकिन इस वर्ष हुई अत्यधिक बारिश से जलाशय लबालब भर गया है। डैम में कुल सात गेट हैं। इनमें से कुछ गेट पहले खराब थे, जिन्हें नया बनाकर दुरुस्त कर दिया गया है। लोगों से डैम को लेकर किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। सिंचाई विभाग की टीम डैम की स्थिति और जलस्तर पर लगातार नजर रखे हुए है। निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव ने अधिकारियों के साथ डैम की स्थिति का जायजा लिया और जलस्तर के साथ गेटों की व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, नगर मजिस्ट्रेट और सिंचाई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।