वाराणसी में गंगा आरती देखी, काशी विश्वनाथ के किए दर्शन
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शनिवार की शाम को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में षोडशोपचार दर्शन पूजन किया। साथ ही दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा आरती देखी। दर्शन पूजन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को काशी विश्वनाथ धाम का नक्शा दिखाया। इस दौरान उनकी पत्नी सविता कोविंद और पुत्री स्वाति कोविंद मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने यहां होने वाले निर्माण कार्य और श्रद्धालुओं की सहूलियतों के बारे में राष्ट्रपति को बताया। इस पर राष्ट्रपति ने कहा कि भविष्य में काशी विश्वनाथ धाम का भव्य स्वरूप देखने को मिलेगा। राष्ट्रपति ने श्री काशी विश्वनाथ धाम के निर्माणाधीन भवनों को भी देखा। चुनार के लाल बलुआ पत्थर से बन रहे मंदिर परिसर की नक्काशी देखकर उन्होंने सराहना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने इस परियोजना के बारे में राष्ट्रपति को पूरी जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भविष्य में काशी आने वाले श्रद्धालु गंगा स्नान करके सीधे मंदिर में दर्शन करने पहुंच सकेंगे। परियोजना में श्रद्धालुओं की हर एक सुविधा का ध्यान रखा गया है। भवनों का निर्माण तेजी से चल रहा है। इस दौरान राष्ट्रपति ने नक्शे में बने अलग-अलग तरह के भवनों के बारे में भी जानकारी ली।