मिर्जापुर। कोविड के तीसरे लहर में बच्चों के संक्रमित होने की आशंका जतायी गई थी। दूसरे संक्रमण के बाद मरीजों की संख्या घटी, पर पिछले एक माह से विदेशों के बाद देश में भी कोरोना के नए वैरियंट ओमिक्रान में तेजी देखी जा रही है। इसे देखते हुए तीसरे संक्रमण की आशंका जताई जाने लगी है। जनपद में पिछले 12 दिनों में 100 से अधिक संक्रमित मिल चुके हैं। इसमें बालक भी शामिल है। फिलहाल अभी कोई भी संक्रमित अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया । पर जिले में स्वास्थ्य महकमा ने तीसरी लहर की आशंका के मद्देनजर तैयारियां मुकम्मल कर ली हैं।
बच्चों के लिए पीकू वार्ड तो बना ही था, अब ओमिक्रान के लिए भी अलग वार्ड बनाया गया है। इसके लिए ट्रामा सेंटर में छह बेड का एक वार्ड और चार सीएचसी में चार-चार बेड वार्ड बनाए गए हैं। कोविड के नोडल और एसीएमओ डॉ. वीके भारती ने बताया कि तीसरी लहर को देखते हुए पूरी तैैयार है। विंध्याचल सीएचसी में 30 बेड का एल-वन अस्पताल, ट्रामा सेंटर में 75 बेड का एल-टू अस्पताल है। इसी परिसर में बच्चों के लिए पीआईसीयू वार्ड बनाया गया है।
जिले में लगे हैं आक्सीजन का चार प्लांट
मिर्जापुर। दूसरी लहर में आक्सीजन को लेकर संकट उत्पन्न होने के बाद जिले मेें आक्सीजन के चार प्लांट लगाए गए हैं। इन चार प्लांटों के लगने से जिला अस्पताल समेत कोविड के एल-वन और एल-टू अस्पताल में आपूर्ति पर्याप्त होगी। कोविड के समय तो एल-टू व एल-वन अस्पताल में आक्सीजन सप्लाई की कमी पड़ी थी। सबसे पहले मंडलीय अस्पताल परिसर में 300 एलपीएम (लीटर प्रति मिनट) आक्सीजन प्लांट की स्थापना की गई। इसका उद्घाटन 25 मई 2021 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। इसके बाद ट्रामा सेंटर में कोविड के एल-टू अस्पताल के पास 250 एलपीएम के आक्सीजन प्लांट का शुभारंभ सात जुलाई 2021 को हुआ। इसके बाद जिला महिला अस्पताल में 960 एलपीएम के आक्सीजन प्लांट का 25 सितंबर 2021 को शुभारंभ हुआ। इसके बाद विंध्याचल सीएचसी में कोविड के एल-वन अस्पताल में 11 अक्तूबर 2021 को आक्सीजन प्लांट शुरू किया गया।