मिर्जापुर। यूपी बोर्ड हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं अंतिम दौर में हैं। इसके बाद मूल्यांकन होगा। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। फिलहाल बोर्ड को जिले में मूल्यांकन केंद्रों के नाम भेजे गए हैं। बोर्ड के निर्णय के बाद ही उन को अंतिम रूप दिया जाएगा।
जिले में होने वाले मूल्यांकन के लिए जिन केंद्रों के नाम भेजे गए हैं, उसमें राजस्थान इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, बीएलजे इंटर कॉलेज व माता प्रसाद माता भीख इंटर कॉलेज शामिल हैं। अब किस मूल्यांकन केंद्र पर हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा और कहां पर इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा, यह बोर्ड के निर्णय के बाद ही स्पष्ट होगा। जिले में इस बार 113 परीक्षा केंद्र बनाये गए हैं। इसमें हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट को मिलाकर कुल 66,097 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। हाईस्कूल में संस्थागत एवं व्यक्तिगत को मिलाकर 18,278 बालक 17,295 बालिका मिलाकर कुल 35,573 तथा इंटरमीडिएट में संस्थागत एवं व्यक्तिगत मिलाकर 14,964 बालक, 15560 बालिकाओं को मिलाकर कुल 30524 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। जिले में जनपद स्तरीय वेबमानीटिरिंग कंट्रोल की स्थापना राजकीय इंटर कालेज महुवरिया में की गई है। जिले में 11 परीक्षा केंद्र संवेदनशील हैं।
फिलहाल जिले में उत्तर पुस्तिकाओं का आना जारी है। इसके लिए भी तहसील स्तर पर चार संकलन केंद्र बनाए गए हैं। जिले की सभी तहसील, सदर, चुनार, लालगंज व मड़िहान में संकलन केंद्र बनाया गया है। यहां पर अन्य जिलों से आने वाली उत्तर उत्तर पुस्तिकाओं को संकलित किया जा रहा है। बोर्ड के निर्णय के पश्चात ही आगे की रणनीति बनाई जाएगी। फिलहाल अभी तो परीक्षाएं ही चल रही हैं।