मिर्जापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति पाइप पेयजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के दौरान कड़ा रुख अपनाया। अहुंगी कला तथा तलार एवं धौहा, गठौरा में पेयजल योजना में बार-बार चेतावनी देने के बावजूद कई महीनों से प्रगति नहीं होने पर कार्यदायी संस्थाओं पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई का निर्देश दे दिया। लेकिन संबंधित एजेंसी के परियोजना प्रबंधक के लिखित रूप में माफी मांगने पर एक सप्ताह का समय दिया है।
दरअसल कार्यदायी एजेंसी एनसीआर लिमिटेड द्वारा ग्राम अहुंगी कला तथा मेघा एजेंसी के द्वारा तलार एवं धौहा, गठौरा में पेयजल योजना में बार-बार चेतावनी देने के बावजूद भी कई महीनों से प्रगति नहीं हो पा रही है। कुछ स्थलों पर तो अभी कार्य भी शुरू नहीं किया गया है। जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए केस कराकर जेल भेजने के भी निर्देश दिए। परंतु संबंधित एजेंसी के परियोजना प्रबंधक के लिखित रूप में माफी मांगने तथा एक सप्ताह के अंदर प्रगति लाने पर जिलाधिकारी नरम पड़े। हालांकि एक सप्ताह के अंदर प्रगति न आने तथा कार्यों को शुरू कराने में देरी होने पर एफआईआर कर कार्रवाई के लिए चेतावनी दी। समीक्षा बैठक में दांती ग्राम समूह पाइप पेयजल योजना के दौरान निर्देशित किया गया कि मजदूरों की संख्या और बढ़ाई जाए। रैम्की एजेंसी द्वारा ग्राम दांती में पाइप पेयजल योजना पर किए गए कार्याें के प्रगति के संबंध में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे को जांच कराकर रिपोर्ट भी देने का निर्देश दिया । यह भी कहा जहां पर कार्य पूर्ण हो जाए वहां हाउस कनेक्शन भी सुनिश्चित किया जाय। समीक्षा बैठक में संबंधित एजेंसी की लेंदुकी पाइप पेयजल योजना तथा मल्टी अर्बन एजेंसी के मानिकपुर परियोजना की भी बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया गया समस्त कार्यदायी संस्थाएं अपने-अपने घटकों को पूर्ण कराते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे अमरेंद्र वर्मा, अधिशासी अभियंता जल निगत सहित सभी एजेंसियों के प्रोजेक्ट मैनेजर उपस्थित रहे।