मिर्जापुर। बथुआ स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक परिसर से रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। राजकीय पॉलिटेक्निक परिसर में रविवार को मतदान कार्मिकों का मेला लगा रहा। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिव प्रताप शुक्ला के साथ मुख्य निर्वाचन कार्मिक अधिकारी श्रीलक्ष्मी बीएस के निर्देशन में पोलिंग पार्टियों की रवानगी हुई। देर शाम तक पार्टियां अपने पोलिंग बूथों तक पहुंच गईं।
जिले में 1335 मतदान केंद्र व 2268 मतदान स्थल बनाए गए हैं। इनके लिए 2268 पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। जिले में वर्तमान में 18,93,288 मतदाता पंजीकृत हैं। जिसमें से 9,93,775 पुरुष तथा 8,99,383 महिला मतदाता हैं। साथ ही 130 अन्य मतदाता हैं। जिले में पांच विधानसभा क्षेत्र हैं। जिसमें छानबे सुरक्षित, मिर्जापुर नगर, मझवां, चुनार वह मड़िहान हैं। सभी जगहों पर सात मार्च को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान किया जाएगा। इसके लिए जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
21 जून को 145 सेक्टर में बंटा जिला
मिर्जापुर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 के लिए जिले को 21 जोन व 145 सेक्टरों में बांटा गया है। जोनवार हर विधानसभा क्षेत्र की स्थिति इस प्रकार है। छानबे विधानसभा क्षेत्र में चार जोन व 34 सेक्टर, मिर्जापुर नगर विधानसभा क्षेत्र में तीन जोन व 23 सेक्टर, मझवां में चार जोन 29 सेक्टर, चुनार में पांच जोन 28 सेक्टर तथा मड़िहान विधानसभा क्षेत्र में पांच जोन व 32 सेक्टर बनाए गए हैं। इन सभी के लिए जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। इस प्रकार 21 जोनल मजिस्ट्रेट व 145 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। इसी प्रकार जिले में 175 क्रिटिकल केंद्र व 336 बूथ बनाए गए हैं। छानबे विधानसभा क्षेत्र में 29 क्रिटिकल केंद्र व 58 क्रिटिकल बूथ हैं। उसी प्रकार मिर्जापुर नगर में 33 क्रिटिकल केंद्र व 100 क्रिटिकल बूथ हैं। मझवां में 31 और 53, चुनार में 35 और 60 तथा मड़िहान विधानसभा क्षेत्र में 47 क्रिटिकल केंद्र तथा 65 क्रिटिकल बूथ बनाए गए हैं।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक सखी बूथ
मिर्जापुर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक सखी बूथ बनाया गया है। साथ ही पूरे जिले में 23 मॉडल बूथ बनाए गए हैं। सखी बूथों पर मतदान कार्मिक से लेकर सभी कर्मचारी महिला ही होंगे। इसी प्रकार जिले में 23 माडल बूथ बनाए गए हैं। छानबे में चार मॉडल बूथ, मिर्जापुर नगर में नौ मॉडल बूथ, मझवां में चार मॉडल बूथ, चुनार में तीन मॉडल बूथ तथा मड़िहान में तीन मॉडल बूथ बनाए गए हैं। साथ ही 10 दिव्यांग बूथ भी बनाए गए हैं। इसमें छानबे में तीन, मिर्जापुर नगर में तीन, मझवां में दो, चुनार तथा मड़िहान में एक एक दिव्यांग बूथ बनाए गए हैं।
-----------
मिर्जापुर : विधानसभा निर्वाचन
विधानसभा : 05 (छानबे, मिर्जापुर, मझवां, चुनार व मड़िहान)
कुल आबादी : 29,91,343
पुरुष आबादी : 15,51,691
महिला आबादी : 14,00,779
कुल मतदाता - 18,93,288
पुरुष मतदाता - 9,93,775
महिला मतदाता - 8,99,383
थर्ड जेंडर मतदाता - 130
18-19 वर्ष के मतदाता - 19673
पहली बार मतदाता - 24,276
दिव्यांग मतदाता - 13,413
80 वर्ष मतदाता - 36,972
मतदेय स्थल : 2,268
मतदान केंद्र बूथ : 1,335
प्रति केंद्र : चार कार्मिक