मिर्जापुर जिले की अहरौरा थाना पुलिस द्वारा दो अंतर्जनपदीय पशु तस्करों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया। मौके से 45 मवेशी और दो तमंचा व कारतूस बरामद किया गया।
एएसपी सिटी नितेश सिंह ने बताया कि अहरौरा पुलिस को सूचना मिली कि पैदल अहरौरा के जंगल के रास्ते चंदौली होते हुए बिहार गोवंश ले जाया जा रहा है। थाना अहरौरा पुलिस टीम द्वारा बैजू बाबा तपस्थली के तरफ जाने वाले रास्ते के दक्षिण जंगल में (भल्दरिया) वहद ग्राम हिनौता छातों में तस्करों को रोका गया।
तस्करों द्वारा गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर जान मारने की नियत से फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। इस दौरान थाना अहरौरा पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की गई। जिसमें दो गो-तस्करों के पैर में गोली लगी।
पुलिस मुठभेड़ में घायल तस्कर रामबच्चन यादव निवासी, लौंडा झांसी, जनपद चंदौली व रामप्रकाश यादव निवासी, ग्राम मुबारकपुर, थाना चकिया, जनपद चंदौली को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार तस्करों के पास से दो तमंचा, दो कारतूस, दो खोखा और वध के लिए ले जाए जा रहे 45 मवेशी गोवंश बरामद किया गया।