नरायनपुर। वाराणसी-सोनभद्र मार्ग पर बरईपुर गांव के सामने शनिवार को सुबह चार बजे के करीब ट्रक में पीछे से पिकअप टकरा गई। इस हादसे में पिकअप सवार खलासी की मौत हो गई। उसमें सवार एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पिकअप चालक व ट्रक चालक फरार हो गए।
चौकी इंचार्ज नरायनपुर राकेश राय ने बताया कि मुर्गा लादकर पिकअप जौनपुर से बभनी सोनभद्र जा रहा था। शनिवार को सुबह करीब चार बजे वाराणसी-सोनभद्र मार्ग पर बरईपुर गांव के सामने आगे चल रहे ट्रक में पीछे से पिकअप ने टक्कर मार दिया। इससे पिकअप के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में पिकअप में सवार खलासी 22 वर्षीय नौशाद पुत्र लियाकत अली निवासी इस्लामपुर मगरहा थाना गम्भीरपुर जनपद आजमगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। पिकअप सवार दूसरा खलासी 21 वर्षीय सैयद जीशान घायल हो गया। जिसका उपचार किया जा रहा है। पिकअप चालक के अलावा ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना मिलने पर नौशाद के माता-पिता पुलिस चौकी नरायनपुर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिकअप में लदे काफी संख्या में मुर्गों की भी मौत हो गई।नौशाद उर्फ मोनू की अभी शादी नहीं हुई थी। वह पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था। नौशाद के पिता लियाकत अली ने बताया कि वह किसी अन्य वाहन पर रहता था। शुक्रवार को अचानक पिकअप चालक के कहने पर एक दिन के लिए चला आया था। थानाध्यक्ष अदलहाट राजकुमार सिंह ने बताया कि हादसे में पिकअप सवार खलासी की मौत हो गई।