प्रयागराज मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक सामान्य दीपक कुमार ने सोमवार को विंध्याचल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर और सर्कुलेटिंग एरिया में श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न यात्री सुविधाओं का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण में पाया गया कि मेला अवधि के दौरान सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड द्वारा अब तक 1209 यात्रियों को निशुल्क प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा प्रदान की गई है। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवा की ओर से 507 यात्रियों का उपचार किया गया। खोया-पाया केंद्र पर अब तक 11 बच्चों को सकुशल उनके अभिभावकों से मिलाया गया है।
दीपक कुमार ने यात्रियों के लिए हाथ धोने के लिए साबुन और सर्फ पाउडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिया। अपर मंडल रेल प्रबंधक ने आगामी मेलों की दृष्टि से स्थाई शौचालय व एक अतिरिक्त यात्री शेड का निर्माण कार्य के विषय में भी सम्बंधित अधिकारियों से चर्चा की। जिससे भविष्य में यात्रियों को और अधिक सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी