विकास खंड छानबे के ग्राम पंचायत भिलौरा का पंचायत भवन व शौचालय जर्जर है। ग्रामीणों की शिकायत के बावजूद पंचायत राज विभाग की ओर से इस समस्या की तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पंचायत भवन के अभाव में ग्राम पंचायत की बैठक विद्यालय भवन अथवा खुले आसमान के नीचे हो रही है।
पंचायत भवन को सजाने और संवारने के साथ ही कंप्यूटर आदि से लैश कर ग्रामीणों को हर सुविधा प्रदान करने का शासनादेश ग्राम पंचायतों के लिए सपना साबित हो रहा है। वर्ष 2010 में राजकीय निर्माण निगम की ओर से लगभग 15 लाख रुपये की लागत में गांव में पंचायत भवन का निर्माण कराया गया था। उधर, पंचायत भवन की हालत यह है कि मामूली बारिश में भी परिसर में पानी भर जाता है। भवन की छत व दीवारों में बड़े-बड़े दरार पड़ गए हैं। फर्श धंस गया है। खिड़की और दरवाजे आदि टूटे हुए हैं। जर्जर पंचायत भवन में भयवश कोई नहीं जाता है। शौचालय की भी हालत खराब है। ग्राम प्रधान राजेंद्र प्रसाद बिंद ने बताया कि पंचायत भवन मरम्मत कराने योग्य भी नहीं रह गया है। गांव में नये पंचायत भवन की आवश्यकता है। इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी पंचायत रविकांत ओझा का कहना है कि पंचायत भवन के ध्वस्तीकरण के लिए रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी गई है। तब तक चार लाख रुपये की लागत से एक अलग कक्ष का निर्माण कराकर पंचायत कार्यालय का संचालन कराया जाएगा।