मिर्जापुर। दूकानदारों ने एक रुपये के छोटे सिक्के को खोटा करार दिया है। एक रुपये के सिक्के नकली होने की अफवाह इस कदर फैल गई है कि दूकानदार इस सिक्के को ले ही नहीं रहे हैं। लोगों ने जिलाधिकारी से अफवाह रोकने और दूकानदारों को सिक्का लेने के लिए बाध्य करने की मांग की है। बैंक अधिकारी भी लोगों से अपील कर रहे हैं, वे सिक्का लेने से इनकार न करें।
सिक्कों के नकली होने की अफवाह से लोग परेशान हैं। पहले दस रुपये के सिक्के को नकली बताकर दूकानदारों ने लेना बंद कर दिया था। तब आए दिन दूकान पर किचकिच होती थी। कुछ दिनों तक सौ रुपये में मौजूद सफेद तार वाले नोट को नकली बताया जाता रहा। अब बाजारों में एक रुपये के छोटे सिक्के को नकली बताया जा रहा है। जिससे दूकानदार उसे लेने से इंकार कर रहे है। इससे फुटकर की समस्या खड़ी हो गई है।
शहर ही नहीं चुनार, मड़िहान, लालगंज आदि तहसील क्षेत्र में एक रुपये का छोटा सिक्का दूकानदार नहीं ले रहे हैं। इससे आए दिन किचकिच हो रही है लेकिन प्रशासन इस ओर से आंखें मूंदे हुए हैं। बैंक अधिकारियों का कहना है कि एक रुपये का कोई सिक्का नकली नहीं हैं। यदि कोई उसे नहीं ले रहा है तो उसके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। उधर ग्राहकों द्वारा दूकानों पर कोई भी सामान लेने जा रहे ग्राहकों से अधिकांश दूकानदार पहले ही कह दे रहे है कि सामान लो या मत लो लेकिन एक रुपये के छोटे सिक्के नहीं लेंगे। अग्रणी जिला प्रबंधक दिनकर सिंह ने कहा कि एक रुपये के छोटे सिक्कों के नकली होने की अफवाह फैलाई जा रही है जबकि बाजार में जो सिक्का है, वह असली है। यदि कोई एक रुपये के छोटे सिक्के को नकली बता कर नहीं ले रहा है तो शिकायत होने पर उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। एक रुपये के छोटे सिक्के आरबीआई की तरफ से जारी किए गए हैं और बाजारों में इसका चलन बरकरार है।
छानबे ब्लाक के कई गांवों में दूकानदार एक रुपये के छोटे सिक्के नहीं ले रहे हैं। इस बात से किराना की दूकानों पर आए दिन विवाद हो रहा है। दूकानदार ग्राहकों से सिक्के के बजाय केवल 10 रुपये का नोट ले रहे हैं। भारतीय स्टेट बैंक शाखा छानबे, विजयपुर के शाखा प्रबंधक विपिन कुमार का कहना है कि 10, 5, 2, व एक रुपये के छोटे-बड़े सिक्के चलन में हैं। सिक्का न लेने वाले के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। क्षेत्र के विनोद कुमार, मंगला प्रसाद, केशराज सिंह, सुरेश, राम रक्षा बिंद, आनंद कुमार रविशंकर बिंद ने जिलाधिकारी से एक, दो व पांच के सिक्के न लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।