मिर्जापुर। कोतवाली देहात पुलिस ने 390 ग्राम हेरोइन के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी के आरोपी के पास से बाइक भी बरामद की है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंंह ने बताया कि क्षेत्राधिकारी सदर जटाशंंकर मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली देहात पुलिस टीम ने शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर अनिल सोनकर (22) निवासी रामपुर तौती थाना मड़िहान को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 390 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली।
इस मामले में कोतवाली देहात में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से दो प्राथमिकी दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2021 में मड़िहान थाने में मारपीट समेत अन्य धाराओं और वर्ष 2024 में एनडीपीएस एक्ट की धारा में प्राथमिकी दर्ज है।