अदलहाट। थाना क्षेत्र के रानीबाग कोल्हुआ संपर्क मार्ग पर स्थित कोल्हुआ गांव के सामने सड़क किनारे तीन दिन से लापता युवक का शव शुक्रवार की सुबह पानी भरे गड्ढे में उतराया मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस शव को गड्ढे निकालकर पिता की तहरीर पर जांच में जुट गई।
कोल्हुआ गांव के सामने से सुबह ग्रामीण गुजर रहे थे। उसी बीच सड़क किनारे गड्ढे में किसी युवक का शव उतराया हुआ देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गहरे गड्ढे से शव को निकालकर शिनाख्त कराई। उसकी पहचान थाना क्षेत्र के भलवा निवासी असर्फी (35) पुत्र राजेंद्र प्रसाद के रूप में हुई। पिता राजेंद्र प्रसाद की तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। असर्फी क्षेत्र के एक ईंट भट्ठे पर गाड़ी चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। मंगलवार को घर से निकला थे, लेकिन घर वापस नहीं लौटे। परिजन खोजबीन कर रहे थे। इस बीच मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। असर्फी से दो साल की एक बेटी है। थानाध्यक्ष वैद्यनाथ सिंह ने बताया कि पानी भरे गड्ढे में शव उतराया हुआ मिला है। मृतक के पिता की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।