हलिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के बडौहां गांव में शनिवार की सुबह मध्य प्रदेश के बगदरा से मिर्जापुर व बगदरा से हनुमना तक चलने वाली डग्गामार बसों के नंबर को लेकर दो बसों के चालक व खलासी के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इसमें एक बस के मालिक का सिर फट गया। दोनों पक्षों ने थाने में एक दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
हलिया थाना क्षेत्र के महोखर निवासी बस के खलासी श्याम बिहारी कोल ने तहरीर देकर बताया कि बस के नंबर के विवाद को लेकर सुबह एक बस के मालिक मध्यप्रदेश के हनुमना थाना क्षेत्र के जड़कुड़ के अनूप यादव के द्वारा अपने साथियों के साथ आकर अपनी बस को उसके बस के आगे लगा दिया। मना करने पर गाली गलौज देते हुए मारने पीटने लगा। बीच बचाव करने पर बस चालक को मारपीट कर घायल कर दिया है। इसी प्रकार दूसरे बस के मालिक अनूप यादव ने तहरीर देकर बताया है कि शनिवार को मौसी के घर से वापस आते समय रास्ते में अपने घर के पास बस मालिक राजेश जायसवाल व उनके भाई व एक अन्य के द्वारा गाली गलौज करते हुए मारने पीटने लगे। जिससे सिर में चोंटे आई है। पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर पर मामले की जांच कर रही है।