मिर्जापुर। यातायात माह का शुभारंभ हो गया है, पर सड़कों पर वाहन चेकिंग और चालान के अलावा पुलिस और यातायात विभाग यातायात सुधार में और कोई कार्य नहीं कर रहा। मंगलवार को धनतेरस पर्व पर बाजारों में भीड़ के उमड़ने के बाद भी किसी प्रकार का रूट डायवर्जन नहीं किया गया था। इस कारण बाजारों में शाम से लेकर रात तक जाम की नौबत उत्पन्न होती रही।
एक नवंबर को यातायात माह का शुभारंभ कर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की बात कही गई। अमूमन यातायात माह में जागरूकता रैली और वाहन चेकिंग कर चालान किया जाता है, पर कभी नगर में लगने वाले जाम से निजात दिलाने का प्रयास नहीं किया जाता है। मंगलवार को यातायात माह के दूसरे दिन धनतेरस पर बाजारों में खरीदारी के चलते भीड़ रहने का अनुमान रहता ही है, इसके बाद भी यातायात विभाग की ओर से धनतेरस पर आवागमन बेहतरी के लिए कोई प्रयास नहीं किया गया। नगर में किसी भी मार्ग पर कोई भी वाहन प्रवेश कर जा रहा था। लोग सड़कों तक दुकान लगाए थे। इस कारण दोपहर में बाद से बाजारों में भीड़ बढ़ने पर जाम की नौबत उत्पन्न हो गई। शाम से रात तक बाजारों में जाम लगा रहा। जाम के चलते लोगों का समय बर्बाद होता रहा।