मिर्जापुर। जिले में बुधवार को 16 केंद्रों पर अध्यापक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की परीक्षा का आयोजन किया गया। दो पालियों में आयोजित इस परीक्षा में सात सौ 99 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। बहुत से परीक्षार्थी मौसम के चलते परीक्षा केंद्रों तक नहीं पहुंच सके। परीक्षा में तो आमतौर पर समस्या होती ही है लेकिन गणित व विज्ञान के प्रश्नों ने परीक्षार्थियों को काफी छकाया। कई लोग तो यह कहते सुने गए कि इस बार गणित का पेपर अपेक्षाकृत कठिन रहा। वहीं कुछ ने इसे काफी सरल पेपर बताया। कई ने मिश्रित प्रतिक्रिया व्यक्त की।
सुबह की पाली में प्राथमिक विद्यालय की परीक्षा थी। इसमें सात हजार छह सौ आठ परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से सात हजार 61 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। पांच सौ 47 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार दूसरी पाली में उच्च प्राथमिक विद्यालय के लिए परीक्षा हुई। यह परीक्षा केवल आठ केंद्रों पर ही हुई थी। इसमें पंजीकृत तीन हजार छह सौ 13 के सापेक्ष तीन हजार तीन सौ 61 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए और दो सौ 51 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हो रही इस परीक्षा में किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी का समाचार नहीं मिला है।
परीक्षा संचालन का जायजा लेने के लिए डीएम सुुशील कुमार पटेल स्वयं एएसजे इंटर कालेज पहुंचे। वहां कक्षों में जाकर उन्होंने परीक्षा का जायजा लिया। परीक्षार्थियों की सीटिंग व पानी व अन्य व्यवस्थाओं के बारे में केंद्राध्यक्ष से पूछताछ की। इसके बाद वह अन्य जगहों के लिए रवाना हो गए। उनके साथ कई अन्य अधिकारी थे। जिला विद्यालय निरीक्षक देवकी सिंह ने भी कई केंद्रों का निरीक्षण किया।