फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mirzapur News: मानसून मेहरबान, सुबह से शाम तक 75 मिमी हुई बारिश

विज्ञापन
विज्ञापन
मिर्जापुर। जिले में मंगलवार को जोरदार बारिश होने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। सुबह से शाम तक रुक-रुक कर बारिश होने से सड़कों, गलियों और अंडरपास में पानी भर गया। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। जिले में 75 मिलीमीटर बरसात रिकॉर्ड हुई। वहीं, एक डिग्री तापमान भी लुढ़क गया।
विज्ञापन

मंगलवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जबकि एक दिन पहले सोमवार को अधिकतम 33 तापमान डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सुबह से ही बारिश शुरू हो गई थी। दोपहर में तो इस तरह काले बाछल छाए कि अंधेरा हो गया। शाम तक कभी हल्की तो कभी जोरदार बारिश होने से कलेक्ट्रेट और सीडीओ कार्यालय परिसर में पानी भर गया। नगर के निचले इलाकों में आवास विकास काॅलोनी, रोडवेज परिसर और चंद्रदीप वार्ड की गलियों में पानी भरने से लोग परेशान रहे। इसी तरह मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर जगह-जगह पानी भरा रहा। नटवा रेलवे पुल के नीचे पानी भरा होने से मिर्जापुर-औराई मार्ग पर राहगीरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। विंध्याचल में रेहड़ा चुंगी रेलवे पुल के नीचे पानी भरने से आम दर्शनार्थियों को माता दरबार पहुंचने में दिक्कत हुई।
उधर ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए। फावड़ा लेकर किसान खेतों की ओर निकल पड़े। चुनार में भारी बारिश से मुख्य बाजार में स्थित दुकानों में पानी भर गया। दुकानदारों ने बताया कि नाली की चौड़ाई और गहराई कम होने के कारण हर साल बरसात में यह समस्या झेलनी पड़ती है। वहीं, नगर पालिका के प्रभारी अधिशासी अधिकारी सौरभ सिंह ने बताया कि दुकानदारों ने नालियों पर अतिक्रमण कर लिया है, जिसके कारण ऐसी समस्या हो रही है। कलवारी बाजार में चौराहे पर कीचड़ और सड़क पर पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जमुई जमुई रेलवे अंडरपास में पानी भरने से आवागमन प्रभावित रहा। चेतगंज : दोपहर से शाम तक बारिश होने से किसान खुश नजर आए। किताबू सोनकर, लक्ष्मण सोनकर और राहुल का कहना था कि बारिश से धान और सब्जियों को फायदा होगा। जिगना : दोपहर बाद क्षेत्र में रिमझिम बारिश होने से उमस और गर्मी से राहत मिली है। किसानों का कहना है कि खेतों पानी भरने से धान की रोपाई शुरू हो गई है।
विज्ञापन

वर्जन
-

आसमान में बादल छाने के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। ऐसे में हवा की गति सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है। इसलिए किसान मौसम को ध्यान में रखकर रोपाई और बोआई का काम करें।
- शिवमंगल सिंह, मौसम वैज्ञानिक, ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, भू भौतिकी विभाग बीएचयू, वाराणसी।

तीन सेंटीमीटर प्रति घंटे बढ़ रहा गंगा का जलस्तर
मिर्जापुर। मैदानी और पहाड़ी इलाकों में जोरदार बारिश होने के कारण गंगा का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। मंगलवार तीन सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई। सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर 67.380 मीटर रहा। यह जलस्तर खतरे के निशान से अभी दस मीटर नीचे है। जिले में चेतावनी बिंदु 67.724 मीटर और खतरे का निशान 77.724 मीटर है।







नाला खोदकर हाईवे से निकाला गया पानी


हलिया। क्षेत्र के हथेड़ा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 135 सी पर 10 दिन से भरा पानी मंगलवार को एसडीएम लालगंज के निर्देश पर निकलवाया गया। ग्राम प्रधान और लेखपाल मौके पर मौजूद रहकर श्रमिकों से नाला खोदवाया। तब बारिश का पानी अदवा नदी की तरफ निकाला जा सका। इससे पिछले दस दिनों से जलभराव समस्या का निदान होने से स्थानीय लोगों और राहगीरों ने राहत की सांस ली।



छह फीडरों से जुड़े सौ गांवों की बिजली आपूर्ति ठप
पटेहरा। बारिश के दौरान दीपनगर विद्युत उपकेंद्र के सभी छह फीडरों से बिजली आपूर्ति सोमवार रात 8 बजे ठप हो गई गई। इससे पटेहरा कला, ककरद, पियूरी, घोरी, मलुआ, पड़रिया कला, पड़रिया खुर्द, रामपुर, बनकी समेत सौ गांव में अंधेरा छाया रहा। मंगलवार को सुबह आठ बजे आपूर्ति बहाल हुई लेकिन दोपहर दो बजे फिर कटौती हो गई।
शुभम सिंह, अवधेश गुप्ता, लवकुश, राजेश, राहुल समेत ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्र में बरसात होते ही जहरीले जंतुओ का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे पूरी रात बिजली सप्लाई रात भर ठप रहने से घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि पावर हाउस पर फोन करने पर पता चला की गुरुदेव नगर से 33 केवीए सप्लाई बंद है। सुबह 8 बजे बिजली चालू हुई 2 घंटे बाद पुनः कट गई। दोपहर एक बजे फिर से 33 केवीए गुरुदेव नगर से बंद हो गया। अवर अभियंता रमाशंकर ने बताया कि सोमवार रात 8 बजे से सुबह तक गुरुदेव नगर से 33 केवीए सप्लाई बंद होने से रात भर बिजली कटी थी।


बारिश से कच्चा मकान गिरा
जमालपुर। क्षेत्र के ग्राम पंचायत हरिहरपुर मे मंगलवार को भारी बारिश के दौरान प्रेमनाथ पाल का कच्चा मकान भरभरा कर गिर गया। इससे गृहस्थी का सामान दब गया। पीड़ित ने बताया कि दो क्विंटल चावल, गेहूं, कपड़े, बिस्तर और बर्तन समेत सारा सामान दबकर नष्ट हो गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें