नकाबपोश बदमाश एक ही मालिक के दो जिलों में स्थित पेट्रोल पंपों पर लूट की घटना को अंजाम देने पहुंचे। बस्तरा पांडेय गांव के पास स्थित ज्ञान गंगा पेट्रोल पंप पर सोमवार को सुबह चार बजे पहुंचे दो नकाबपोश बदमाश कर्मियों को असलहा सटाकर दो दिन की बिक्री के रखे छह लाख रुपये से ज्यादा कैश लूटकर फरार हो गए। इससे कुछ घंटे पहले रविवार को रात करीब डेढ़ बजे औराई स्थित पेट्रोल पंप पर बदमाशों ने लूट की कोशिश की। पुलिस अधीक्षक ने एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ सीसी फुटेज की छानबीन की।
ये है मामला
शहर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइंस निवासी सूरज शंकर मिश्र का भदोही के औराई और मिर्जापुर के लालगंज के बस्तरा पांडेय में पेट्रोल पंप है। रविवार को रात करीब डेढ़ बजे बाइक सवार दो बदमाश पहले औराई स्थित शिवगंगा फिलिंग स्टेशन पर पर पहुंचे। वहां कर्मचारियों की सतर्कता के चलते बदमाश लूट की घटना को अंजाम नहीं दे सके। कर्मचारियों ने पत्थर लेकर बदमाशों को दौड़ाया तो वे फरार हो गए।
इसके बाद बदमाश सोमवार को सुबह चार बजे के करीब लालगंज स्थित ज्ञान गंगा फिलिंग स्टेशन पहुंचे। पेट्रोल पंप पर दो सेल्समैन और कैशियर मौजूद थे। यहां दो नकाबपोश बदमाश कमरे में घुस कर सेल्समैन और कैशियर बसंत लाल को असलहा सटाकर वहां रखे दो दिन की बिक्री के छह लाख रुपये लूटकर चले गए।
लूट की घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मध्य प्रदेश की ओर फरार हो गए। लालगंज की तरफ बने ओवरब्रिज से होकर आए बदमाशों ने पेट्रोल पंप से 100 मीटर पहले ही बाइक खड़ी कर दी थी। पैदल पंप पर पहुंचकर घटना को अंजाम दिया।