पटेहरा। लालगंज थाना क्षेत्र के देवरी दुबार खास गांव में बुधवार की देर रात सर्पदंश से महिला अचेत हो गई। परिजन उपचार के लिए अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़फूंक के लिए ले गई। जहां महिला की मौत हो गई।
गुंजा देवी (35) पत्नी श्रीमान कोल बुधवार को खाना खाने के बाद फर्श पर सो रही थी। देर रात दो बजे महिला के हाथ में सांप ने डस लिया। महिला ने परिजनों को बताया तो उन्होंने सांप को मार दिया। इसके बाद महिला को अस्पताल ले जाने के बजाय जड़ी बूटी पिलाने के लिए पटेहरा ले गए। जहां उसकी मौत हो गई। मृतका को एक पुत्री सोनम (16) व दो पुत्र अंकित (9), अनूप (7) हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। राजस्व निरीक्षक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यदि विषैले जंतु के काटने से मौत की पुष्टि होती है तो मृतका के परिवार को किसान दुर्घटना में पांच लाख की सहयोग राशि दी जाएगी।